तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार तीन लोगों की गई जान, स्कूल से घर जा रही दो छात्राओं समेत एक युवक था बाइक पर सवार

[adsforwp id="60"]

लखीमपुर खीरी। भीरा-पलिया नेशनल हाईवे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब तीन बजे भीरा थाना क्षेत्र में ट्रक और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक तीनों को रौंदता हुआ निकल गया और बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भीरा थाना प्रभारी अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। मृतकों में प्रियंका पुत्री पृथ्वी पाल निवासी बोटन पुरवा, थाना निघासन, क्रांति  और करीब 32 वर्षीय युवक शामिल हैं। युवक की पहचान हो गई है, वो भी इसी गांव का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं भीरा के साधू सिंह मार्ग स्थित संतगढ़ के वन बीट कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस में पढ़ती थीं। दोनों प्रतिदिन कॉलेज आने-जाने के लिए अप-डाउन करती थीं। हादसे के समय वे कॉलेज से घर लौट रही थीं। तीसरे मृतक युवक की पहचान कराने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि पुलिस जाम खुलवाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]