यूपी: बहराइच में बुलडोजर पर होकर सवार अपनी दुल्हन को लेने पहुंचा बादशाह

अनोखी बारात को देखने पहुंचे लोग, यूपी में बाबा के बुलडोजर का ऐसा क्रेज कि दूल्हा ने ठान लिया कि अपनी दुल्हन वो बुलडोजर से लेने जाएगा।

जेसीबी पर सवार होकर अपनी ससुराल पहुंचा दूल्हा

(The_UpTop_Voice) बहराइच। यूपी के बहराइच में एक अनोखा निकाह हुआ।  जहाँ अपने निकाह में शख्स बुलडोजर लेकर पहुँच गया। बुलडोजर पर आई इस बारात के हर तरफ चर्चे हो रहे हैं। इस मौके पर बुलडोजर बाबा के नाम के जयकारे भी लगाए गए।

दरअसल, अनोखे निकाह की ये घटना बहराइच जिले की है। जिले के रिसिया ब्लॉक के रहने वाले सलीम की बेटी रूबीना का निकाह श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक के आला गाँव के मोहन के बेटे बादशाह के साथ तय हुई थी। शनिवार 18 जून, 2022 को निकाह के लिए बारात निकली तो आधा दर्जन बुलडोजर बारात में ले जाए गए। वहाँ पहुँचने के बाद बुलडोजर पर सवार दूल्हे को चारों तरफ घुमाया गया, जिसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। इस मौके पर कई लोग बुलडोजर पर सवार दिखे। इन लोगों ने ‘बुलडोजर बाबा की जय’ के नारे भी लगाए। बारातियों का कहना था कि कार तो सभी की शादियों में होती हैं। इस कारण से हमने सोचा कुछ नया करते हैं। बारातियों के मुताबिक, उन्होने इस नए प्रयोग को किया और ये काफी पसंद भी किया जा रहा है।

बुलडोजर पर बारात लाने को लेकर एक बाराती ने कहा कि पहले हाथी और घोड़े पर बारात लाने का चलन था लेकिन इस बार हमने सोचा कि क्यों ना बुलडोजर पर बारात लेकर चला जाए जिसे लोगों ने खूब पसंद भी किया। बहराइच में आई इस बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है.

Leave a Comment