लखीमपुर कोतवाली इलाके के इंद्रा मनोरंजन पार्क के समीप हुए हादसे में माँ, पुत्र, बहु और पोते की मौत हो गयी। रविवार की सुबह आठ बजे बाइक पर सवार होकर सभी अपने घर वापस जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।

लखीमपुर खीरी । जनपद की कोतवाली सदर के धौरहरा गांव निवासी श्रीराम का 22 वर्षीय पुत्र सरवन शनिवार की शाम को अपनी माँ महाराजा देवी, भाभी प्रज्ञा व लड़की लकी के साथ बाइक पर फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के पकरिया गांव अपनी बहन के घर गया था। जहां से वह रविवार की सुबह करीब आठ बजे अपने घर लौट रहे थे। बताते है कि जैसे ही उनकी बाइक इंदिरा मनोरंजन पार्क के आगे पुलिया के पास पहुँची कि तभी शारदानगर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने सरवन की बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे सरवन 22 वर्ष, उसकी भाभी प्रज्ञा 30 वर्ष, मां महाराजा देवी 52 वर्ष तथा 7 वर्षीय बेटी लकी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे में एक ही परिवार में हुई चार मौतों की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड से हादसे का सबब बनी बस को कब्जे में ले लिया है।





