पिछले 4 – 5 दिन से लगातार बारिश होने से यूपी के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बनते जा रहे हैं, ऐसे में जलभराव और सड़कों के कटने , पेड़ों के गिरने का सिलसिला जारी है, वहीं तमाम जिलों से घरों के गिरने के मामले भी आ रहे हैं, लेकिन स्कूली बच्चों के बीच जश्न का माहौल बन गया है, सोमवार को भी तमाम जिलों में 1 से दो दिन का अवकाश घोषित हो गया, सुबह तक अभी और जिलों से आदेश आने की संभावना है.

(The_Up_Top_Voice) टीम डिजिटल । उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश होने से जनमानस के नुकसान की आशंका बन गई है, उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश और डैम / बैराज से भी लगातार पानी छोड़ने के कारण यूपी के पीलीभीत, खीरी, बहराइच के जिलो में जलस्तर बढ़ने की संभावना बढ़ी है। ऐसे में कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
राजधानी में प्रसाशन ने जारी किया अलर्ट, सीएम ने अफसरों को दिए निर्देश

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने 10 अक्तूबर को शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए कंट्रोल रूम भी बना दिया है। जनपद वासियों को सतर्क रहने के लिए कहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को हालात के मद्देनजर सचेत रहने को कहा है। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने जनपदवासियों से कहा है कि सोमवार को भारी बारिश की आशंका है। ऐसे में सभी लोग पूरी सावधानी बरतें। पुराने जर्जर भवनों से दूर रहें। अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। भीड़ भाड़ व ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। खुले सीवर, बिजली के तार व खंभों से बच कर रहें। किसी भी सिविक समस्या, जल भराव, पेड़ गिरने आदि की सूचना नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 9151055671, 9151055672, 9151055673 व टोल फ्री नंबर 1533 पर सूचना दे सकते हैं।
कई जिलों में दो दिन बन्द रहेंगे स्कूल, बरेली मण्डल के सभी जिलों में छूट्टी

बरेली मंडल में चार दिन से लगातार हो रही वर्षा के चलते सड़कों से लेकर विद्यालयों में जलभराव हो गया है। इसको देखते हुए बरेली के साथ मंडल के पीलीभी बदायूं और शाहजहांपुर जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। बदायूं में कक्षा 12 तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित हुआ है, लेकिन बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की तिथि 10 अक्टूबर होने से फार्म भरने का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं पीलीभीत में सोमवार को ही कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहने का आदेश जारी हुआ है. शाहजहांपुर में भी भारी वर्षा से स्कूलों में जलभराव हो गया है। यहां जिलाधिकारी ने आठवीं तक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। इसके अलावा आगरा,अलीगढ़ में 10 और 11 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे जबकि हापुड़, कासगंज, मेरठ और बहराइच, खीरी, सीतापुर, कानपुर में 10 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने का फैसला प्रशासन ने किया है.
नोएडा- गाजियाबाद में छूट्टी को लेकर ये हुआ आदेश
गाजियाबाद में भारी बारिश को देखते हुए सोमवार को कक्षा 1 से कक्षा 12 तक स्कूल बंद रहेंगे. गौतम बुद्ध नगर में 10 अक्टूबर को कक्षा एक से कक्षा 12 तक के समस्त बोर्ड स्कूलों में अवकाश किया घोषित किया गया है. वहीं मुरादाबाद, मेरठ से भी अवकाश जारी होने की सूचना है.





