जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और उनकी पत्नी अल्पना सिंह ने पूजन अर्चन कर मिल के नए पेराई सत्र का आगाज किया.

लखीमपुर खीरी(TheUPTopVoice). पूजन अर्चन के साथ बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड यूनिट गुलरिया के पेराई सत्र का डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अपनी धर्मपत्नी, जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती अल्पना सिंह के संग फीता काटकर शुभारंभ किया। गन्ना आपूर्ति करने आए पहले किसान का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी गोला अनुराग सिंह, सीओ राजेश यादव, यूनिट हेड योगेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

मंगलवार को आचार्य ऋषिराज तिवारी एवं अयोध्या से आए महंत संतोष ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यजमान यूनिट हेड योगेश कुमार सिंह ने पूजन-अर्चन किया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने फीता काटने के बाद केन कैरियर में गन्ना डालकर नये पेराई सत्र का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर चीनी मिल के यूनिट हेड योगेश कुमार सिंह ने मिल गेट पर ग्राम रामनगर से बैलगाड़ी लेकर आए प्रथम कृषक रामासरे और ट्रॉली लेकर आए ग्राम गोंदिया के कृषक गुरबाज सिंह को तिलक लगाकर तथा वस्त्र व मिष्ठान देकर सम्मानित किया। मिल की तरफ से गन्ने की प्रजातियों, सहफसली खेती, बुवाई की नवीनतम विधियों, बीज उपचार आदि पर जागरूकता के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई। महाप्रबन्धक गन्ना ने किसानों से चीनी मिल को साफ, ताजा गन्ना निर्धारित समय के अन्दर चीनी मिल को आपूर्ति किए जाने का अनुरोध किया।
समारोह में उप जिलाधिकारी गोला अनुराग सिंह , पुलिस क्षेत्राधिकारी गोला राजेश यादव, महाप्रबंधक गन्ना अनिल अहलावत, महाप्रबंधक कारखाना यांत्रिकी संजय सिंह, फैक्ट्री मैनेजर संतोष सिंह, उप प्रबंधक प्रशासन अन्नू मिश्रा, सिक्योरिटी हेड निवास काफरी, उप महाप्रबंधक वाणिज्य तुषार अग्रवाल सहित चीनी मिल के विभिन्न विंगों, इकाइयों के प्रभारी आदि मौजूद रहे।
गन्ना परिवहन के लिए रिट्रो रिफलेक्टर टेप लगाने के अभियान का हुआ शुभारम्भ
मंगलवार की शाम बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड इकाई- गुलरिया में सड़क सुरक्षा/ गन्ना परिवहन के लिए रिट्रो रिफलेक्टर टेप लगाये जाने के अभियान का शुभारम्भ डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अपनी धर्मपत्नी जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष अल्पना सिंह ने मिलकर किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा के मद्देनजर डीएम की उपस्थिति में गन्ना परिवहन वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाया गया।






