समाचार पत्र वितरक को कम्बल बांटकर उन्हें दिलाया उनके ‘ खास’ होने का एहसास

जिलाधिकारी खीरी ने हॉकर को कम्बल देकर बताया सजग प्रहरी

लखीमपुर खीरी (Theuptopvoice)। तराई मेें लगातार बढ़ रही ठंड से समाचार वितरकों को राहत पहुंचाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रशासन की ओर से समाचार वितरकों के लिए कंबल वितरण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन, संयोजन एसडीएम (सदर) श्रद्धा सिंह ने किया।

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी समाचार वितरकों को कंबल वितरित किया। प्रशासन से कंबल पाकर समाचार पत्र वितरकों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि आम आदमी तक समाचार पत्रों को पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरक प्रशंसा के पात्र हैं। वितरक बदलते मौसम ठंडी, गर्मी व बरसात में भी हमें देश-दुनिया की खबरों से अपडेट कराने के लिए कठिन परिश्रम करते रहते हैं।

अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के जमाने में भी अखबार लोगों तक विश्वसनीय खबरें पहुंचाने का साधन बने हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मयंक बाजपेई व धर्मेश शुक्ला ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए प्रशासन के इस पुनीत कार्य को सराहा।

इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार एनके मिश्रा, उप जिलाधिकारी (सदर) श्रद्धा सिंह, तहसीलदार (सदर) सुशील प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल राजेश शुक्ला, सौरभ राय सहित राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment