कक्षा दो की छात्रा ने मैथ ओलंपियाड में विश्व स्तरीय रैंक में पाया दूसरा स्थान

महज कक्षा दो में पढ़ने वाली छात्रा अनुशा फातिमा ने अंतराष्ट्रीय संस्था द्वारा आयोजित एक मैथ की प्रतियोगिता में विश्वस्तरीय दूसरा नंबर हासिल किया है. लखीमपुर खीरी जिले के जोड़ी बंगला की रहने वाली अनूशा फातिमा शहर के नामी गिरामी स्कूल से पढ़ रही हैं। मंगलवार को जैसे ही खबर आम हुई, लोग अनूशा के पिता का नाम जानने की ख्वाहिश में रहे. अनूशा ने अपने पिता के साथ देश का भी नाम रोशन किया है.
लखीमपुर खीरी (TheUpTopVoice) । हर पिता की ख्वाहिश होती है कि उनकी बेटी – बेटे जिंदगी के हर क्षेत्र में ऊंचाई हासिल कर कामयाब बने। लेकिन जब एक सात साल की बेटी किसी कामयाबी को हासिल करे और लोग बेटी के पिता का नाम भी पूछने लगे तो उस शख्स से दौलतमंद कोई नही होगा। यूपी के लखीमपुर खीरी के मोहल्ला जोड़ी बंगला की रहने वाली अनूशा फातिमा ने इंटरनेशन मैथ ओलंपियाड 2022- 2023 में विश्व स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करके कीर्तिमान स्थापित कर जिले का नाम रोशन किया है।

मंगलवार को अनूशा के कामयाब होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लोग स्कूल के साथ उस बच्ची के पिता का नाम भी पूछने लगे। जोड़ी बंगला निवासी एजाज अहमद की पुत्री अनूशा नगर के लॉ मटीना किड्जी स्कूल कक्षा दो की छात्रा है। छात्रा अनूशा को इंटरनेशनल सिल्वर मेडल व एक हजार का नकद पुरस्कार और सर्टिफिकेट ऑफ आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस दिया जाएगा। अंतराष्ट्रीय संस्था साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष कक्षा दो से कक्षा 12 तक के छात्र छात्राओं के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित करता है। इस वर्ष भी यह प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमे 48 देशों के 36000 स्कूलों के लाखों बच्चों ने प्रतिभाग किया। अनूशा फातिमा ने गणित में यह स्थान प्राप्त किया है।
स्कूल की शिक्षकों को दिया धन्यवाद
अनूशा ने बताया की उसके सारे प्रश्नों के उत्तर सही थे लेकिन ओएमआर शीट में गोला करने में एक गलती हो गई जिसके कारण से 40 में से 39 नंबर आए हैं। अनूशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिवावकों और स्कूल के टीचर्स असद सर और श्रृंखला मैडम को दिया है।





