भाजपा के नेता खुद टिफिन खा रहे है। बच्चों को किताबें, जूते, मोजे नहीं मिल रहे : अखिलेश

लखीमपुर खीरी । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार अपराधियों को बचा रही है। भाजपा के सांसद पुलिस के साथ मारपीट कर रहे हैं जिन पर कार्रवाई होनी चाहिए वह भागे फिर रहे है। यादव ने लखीमपुर खीरी में आज कहा कि जनता भाजपा को सत्ता से हटाने को तैयार है। 2024 में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। हर वर्ग परेशान है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर सारी व्यवस्था चौपट कर दी है। नीति आयोग के आंकड़ों में यूपी सभी मामलों में पिछड़ गया है। भाजपा सरकार ने बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया है।

भाजपा के नेता खुद टिफिन खा रहे है। बच्चों को किताबें, जूते, मोजे नहीं मिल रहे है। पढ़ाई चौपट हो चुकी है। यादव ने कहा कि भाजपा का ट्रिपल इंजन आपस में ही टकरा रहा है। शासन-प्रशासन और भाजपा के नेता जनता को परेशान कर रहे है। उन्होंने कहा कि कभी लखीमपुर गन्ने और मिठास के लिए जाना जाता था। किसानों को थार कार से रौंदा गया। लखीमपुर में किसान मारे गए। भाजपा सरकार में किसानों को न्याय नहीं मिला। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दुगुनी करने का झूठा वादा किया। महंगाई बढ़ गई। किसानों की आमदनी घट गयी। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर चलते रहेंगे। पार्टी की कोशिश है कि नेता, कार्यकर्ता मिलकर जनता के मुद्दे पर चर्चा करें उन्हें उठाएं। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को बर्बाद कर दिया है। पिछड़ों, दलितों को धोखा दिया है। भाजपा सरकार ने भाजपा के नेताओं को खुली छूट दे रखी है। वे चाहे जितनी गुण्डई करें, चाहे जो अपराध करे उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।

लखीमपुर में आज राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण षिविर के पहले दिन सम्बोधित किया। पर्यावरण दिवस पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने वृक्षारोपण किया और सभी से हरियाली बचाने और बढ़ाने की अपील की। प्रशिक्षण शिविर में अरविन्द सिंह गोप, राम अचल राजभर, मिठाई लाल भारती, सुधीर पंवार, राजीव निगम वक्ताओं में प्रमुख रहे। लखीमपुर प्रशिक्षण शिविर में आज 5 हजार से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment