अंतर्राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के मौके पर जगह जगह ब्लड डोनेशन कैंप लगे, लोगों को रक्त दान करने के लिए कई स्थानों से जागरूकता रैली निकाली गई. राजधानी के इरम मेडिकल कॉलेज की तरफ से ऐसी ही जागरूकता रैली का आयोजन हुआ.

लखनऊ (टीम डिजिटल theuptopvoice)। राजधानी के गुड़मबा रोड के इरम मेडिकल कॉलेज से एक रक्तदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य अब्दुल हलीम कासमी और विशिष्ट अतिथि नफासत अली ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

14 जून “अन्तर्राष्ट्रीय रक्तदान दिवस” के अवसर पर इरम एजुकेशनल सोसायटी, लखनऊ के तत्वाधान में संचालित चिकित्सा संस्थान इरम यूनानी मेडिकल कॉलेज की ओर से रक्तदान के प्रति जनमानस में जागरूकता का संचार करने हेतु रैली निकाली गई, जिसमें महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, हाथों में पोस्टर लिए हुए बड़ी संख्या में छात्र/छात्राओं एवं अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया, इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रोफ़ेसर नफा़सत अली (संकायाध्यक्ष, तशरीह-उल-बदन विभाग, राजकीय तकमील-उल-तिब कॉलेज, लखनऊ, सदस्य कार्यकारिणी समिति, महायोगी गुरू गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर) ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रक्तदान के महत्व एवं उपयोगिता को स्पष्ट किया.

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफ़ेसर अब्दुल हलीम क़ासमी ने अतिथि का धन्यवाद करते हुए अपने संबोधन में कहा कि रक्त एक ऐसा प्राकृतिक पदार्थ है, जिसे कृत्रिम रूप से निर्मित नहीं किया जा सकता, इस लिए किसी इच्छुक मरीज़ को उसका जीवन बचाने के लिए रक्त देना मूल्यतम दान है, उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जनमानस के मन में जो अंधविश्वास, भ्रांतियां एवं अनावश्यक भय व्याप्त है उन्हें दूर करने तथा इस बहुमूल्य सामाजिक कार्य हेतु आकर्षित करने की आवश्यकता है।






