Lakhimpur : जिले में खाद की दुकानों पर छापेमारी, नमूने लिए गए,

लखीमपुर खीरी में खाद की 84 दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई और 12 दुकानों पर उर्वरक के नमूने भरे गए जिनमें कई दुकानों को नोटिस भी दी गई

लखीमपुर खीरी (theuptopvoice) । कृषकों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता, उर्वरकों की गुणवत्ता, निर्धारित दरों पर पीओएस मशीन से बिक्री सुनिश्चित कराए जाने के उद्देश्य से डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की निजी एवं सहकारी क्षेत्र के उर्वरक विनिर्माता कम्पनी, थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर कृषि विभाग के अधिकारियों एवं अन्य विभाग के जिला स्तरीय अफसरों के संग संयुक्त रूप से जाँच, छापे की कार्यवाही की।

जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि जिले की समस्त तहसीलों में उर्वरक निरीक्षकों द्वारा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण की कार्यवाही सम्पन्न की। गठित टीमों ने जिले की 84 दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें 12 नमूने संग्रहित किए गए। 46 को नोटिस निर्गत किया। वही एक के निलंबन की संस्तुति की। गठित टीमों ने कार्यवाही के दौरान प्रतिष्ठान पर उपलब्ध उर्वरक स्टाक का शत-प्रतिशत मिलान स्टाक रजिस्टर एवं पीओएस मशीन के अनुसार किया एवं संदिग्ध स्टाक से विश्लेषण हेतु नमूने ग्रहीत किये। गठित टीमों ने निर्देश दिए कि यह भी सुनिश्चित किया जाय कि उर्वरकों की बिक्री पीओएस मशीन से आधार नम्बर से हो।

Leave a Comment