???? गायत्री परिवार ने जिला कारागार में आयोजित की प्रज्ञा जागरण कार्यशाला

(theuptopvoice) लखीमपुर खीरी । गायत्री परिवार द्वारा जेलों में चलाये जा रहे बंदी साधना अभियान के अंतर्गत रविवार को जिला कारागार के महिला बंदियों के बीच गायत्री परिवार द्वारा प्रज्ञा जागरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक पी डी सालौनिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मनुज देवता बने प्रज्ञागीत के साथ हुआ।
गायत्री परिवार जिला समन्वयक रामखेलावन निषाद और महिला मंडल की बहनों ने महिला बंदियों को गायत्री साधना के माध्यम से तनाव प्रबंधन, अवसाद से बचाव, क्रोध नियंत्रण, आत्म संतोष और दोष शमन आदि के उपाय बताए। प्रज्ञा संबोधन से प्रेरित महिला बंदियों ने सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार के साथ नशा आदि बुराइयों की दक्षिणा देकर सद्बुद्धि प्रदान करने वाले गायत्री मंत्र का लेखन और जप करने के संकल्प लिया।

इच्छुक बंदियों को मंत्र लेखन हेतु गायत्री परिवार द्वारा निःशुल्क मंत्र लेखन पुस्तिकाएँ उपलब्ध कराई गईं। जेलर हरबंस कुमार पांडे ने आयोजन हेतु गायत्री परिवार का आभार व्यक्त किया। विदित हो एक सप्ताह पूर्व गायत्री परिवार द्वारा पुरुष बंदियों के बीच गायत्री मंत्र लेखन अभियान शुरू किया जा चुका है। इस दौरान डिप्टी जेलर एक सिंह, हेड बृजनंदन सिंह, महिला कांस्टेबल रुचिबाला, गायत्री परिवार महिला मंडल की मधु तिवारी, सुमन वर्मा, डॉ० अंशु वर्मा, परबीता सिंह, उदय सिंह मौजूद रहे।





