अस्पताल से लखनऊ रेफर की गई थी किशोरी, रास्ते में तोड़ा दम, प्राथमिक लक्षण में डेंगू की संभावना

लखीमपुर खीरी। क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव से संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ रहा है। संक्रमण से पीड़ितों की संख्या में दिन ब दिन इजाफा होता जा रहा है। रविवार की शाम बिजुआ कस्बे की एक किशोरी की तेज बुखार की वजह से ईलाज के दौरान मौत भी हो गई है। परिजनों का कहना है कि किशोरी की मौत डेंगू से हुई है। क्षेत्र व कस्बे में अभी भी बहुत से लोग संक्रमण से पीड़ित है और ईलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है जल भराव व दवाईयों का छिड़काव न होने से संक्रमण ज्यादा बढ़ रहा है।
बिजुआ कस्बे में इस समय संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रविवार की शाम तेज बुखार से पीड़ित कस्बा निवासी राम किशोर प्रजापति की 17 वर्षीय किशोरी ने ईशा ने लखनऊ मेडिकल ले जाते समय रास्ते मे दम तोड़ दिया। परिजन बताते है ईशा को तेज बुखार आने की शिकायत थी, जिसके लिए बिजुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया था। गई। परिजन बताते हैं ईशा की बीमारी के जो भी लक्षण थे वह डेंगू जैसे लक्षण लग रहे थे। बिजुआ सीएचसी प्रभारी डाक्टर सुभाष वर्मा ने बताया कि शनिवार को परिजनों द्वारा ईशा को बिजुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया था। ईशा को तेज बुखार के साथ कमजोरी बहुत ज्यादा थी साथ ही हिमोसिस होने लगी थी जिसे देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। बिजुआ कस्बे में अभी भी ज्यादातर लोग संक्रमण से पीड़ित है। संक्रमण पीड़ित लखीमपुर से लेकर लखनऊ तक अपना ईलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कस्बे में जगह जगह बारिश का पानी भरा है और छिड़काव भी नही किया गया है जिससे संक्रमण बढ़ रहा है।





