लखीमपुर खीरी में खेत में मिला 13 साल की बालिका का शव, रेप कर हत्या की आशंका

लखीमपुर खीरी (theuptopvoice)। लखीमपुर खीरी जिले में एक मदरसा पढ़ने गई 13 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान और आंख भी फूटी मिली है। परिवार वालों के मुताबिक उसके मुंह में मिट्टी भरी थी, मां ने आशंका जताई है कि उसकी बच्ची के साथ गलत काम किया गया होगा। बालिका रविवार को गांव से एक किमी दूर पास के गांव के मदरसे में पढ़ने गई थी। रविवार दोपहर से वो लापता थी। अगले दिन उसका शव गन्ने के खेत से मिला है।

सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 साल की बालिका रविवार को घर से पढ़ाई करके एक किमी दूरी पर दूसरे गांव के मदरसे में गई थी। बताते हैं कि रविवार को दोपहर के समय वो वापस आने के समय दोनो गांव के बीच से लापता हो गई. देर होने पर जब बालिका घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश की गई, शाम होते देखकर आप पास के रिश्तेदार और गांव के लोग भी पहुंच चुके थे। देर रात तक जब बालिका की तलाश असफल हुई, परिवार के लोग थाने पहुंचे। रात करीब 12 बजे पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कराई। पूरी रात सर्च अभियान में लोग कामयाब नही हुए। सुबह एक बार फिर से आस पास के खेतों में तलाश शुरू कराई गई। सोमवार को करीब 2 बजे बच्ची का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव की शिनाख्त गायब बच्ची के रूप में हुई।
बेहद निर्दयता से ली गई थी जान…

बच्ची के शव की हालत देखी नही जा रही थी, उसकी आंख फूटी थी, सिर पर चोट के निशान थे, शरीर पर संघर्ष के निशान साफ साफ देखे जा रहे थे.बताते हैं कि उसके मुंह में मिट्टी भी भरी गई थी, जिससे मरते वक्त उसकी आवाज या चीख न निकले। शव देखकर मां बेसुध होकर गिर पड़ी, भीड़ गुस्से में आ गई। गांव वालों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोकने लगे। इतना वीभत्स कांड जिसने सुना वो घटना स्थल पर दौड़ पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गणेश प्रसाद साहा सीओ निघासन मौके पर पहुंचे, ग्रामीण एसपी की गाड़ी घेर कर खड़े हो गए। एसपी ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की तीन टीमें लगीं, एसपी कर रहे मॉनिटरिंग

इस घटना के खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस को 3 टीम लगा दी है। उन्होंने घटना के जल्द अनावरण के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिले पर भेज दिया है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने मीडिया को बताया कि शव पर चोट के निशान मिले है ।
समाजवादी पार्टी के नेता पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस

इस मामले के बाद राजनैतिक पार्टियों के बीच सक्रियता बढ़ गई है। देर रात को सपा के नेताओं का दल पोस्टमार्टम पहुंच गया। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष समेत अनुराग पटेल, महिला जिलाध्यक्ष समेत तमाम नेता पहुंचे।





