बाद में परिवार और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में मांगों का एक पत्र लिया गया, और उसे पूरा कराने का आश्वासन देने पर बच्ची को सुपुर्दे खाक किया।

लखीमपुर / तिकुनिया। लखीमपुर खीरी के तिकुनिया इलाके में मासूम की हैवानियत से जान लेने की दास्तां उसके शरीर के हिस्से खुद बयां कर रहे थे। बच्ची के शव मिलने के 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं, लेकिन हत्यारा पुलिस की पकड़ से दूर है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम बिटिया का शव गांव पहुंचा तो हर तरफ रोने की आवाजें आ रहीं थी। गांव में पुलिस फोर्स लगी थी। अफसरों को गाडियां गांव के बाहर से ही नजर आ रही थीं। रविवार को अपने गांव से पास गांव के मदरसे से पढ़कर वापस जा रही गायब हुई किशोरी का शव सोमवार को गन्ने के खेत में बरामद हुआ था शव के सिर पर और आंख पर भी चोट के निशान थे । दोनो गांव के बीच की दूरी महज 1 किमी है।
कातिल पकड़ने तक शव दफनाने से कर दिया मना,

मंगलवार को गांव में जब बच्ची का शव पहुंचा तो पुलिस प्रशासन तेजी दिखाने लगा, कि जल्द बच्ची के शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाए। लेकिन सामने काली पॉलिथीन में लिपटा शव देखकर परिवार के लोग गुस्से में थे, उसका कहना था कि पुलिस अगर चाहती है तो कुछ देर में अपराधी मिल जाते हैं, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी अभी पुलिस हत्या की वजह और हत्यारे तक नही पहुंच सकी है।
परिवार का कहना है की मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को सौंपी जाये, आरोपियों की जल्दी से जल्दी गिरफ्तारी की जाए इसके अलावा मुआवजा, कृषि भूमि के पट्टे सहित प्रधानमंत्री आवास व आवासीय पट्टा दिया जाए। इस मामले को लेकर तहसील प्रशासन परिजनों को मनाने में जुटा रहा अंत में करीब 5:00 बजे परिजनों को मनाने में प्रशासन कामयाब हो गया और परिजनों के मांगपत्र को प्राप्त कर हामी भरी। इसके बाद गमगीन माहौल में बच्ची का अंतिम संस्कार परिजनो ने किया ।
एसडीएम ने क्या बताया ,
उपजिलाधिकारी निघासन अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों का मांग पत्र प्राप्त हुआ है, शासन की स्वीकृति मिलते ही शीघ्र ही इन मांगों को पूरा किया जायेगा।
इन अधिकारियों पर थी आज की जिम्मेदारी

गांव में जिले के कई थानों का पुलिस बल सीओ सुबोध जायसवाल, सीओ राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार सिंह, तहसीलदार भीम चंद, नायब तहसीलदार हरिराम, मौजूद रहे।
सपा – कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित के साथ खड़ा दिखा

पीड़ित परिजनों के घर सपा का प्रतिनिधि मंडल पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा की अगुवाई में पहुंचा उन्होंने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी । सपा की महिला सभा की जिलाध्यक्ष प्रख्याति खरे ने बताया कि योगी सरकार में महिला संबंधी अपराध चरम पर हैं, इस घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिये, जो कि अपराधियों के लिए एक नजीर साबित हो । पूर्व सांसद ने कहा कि बाल अपराधों के खिलाफ ऐसा अभियान चले कि स्कूल जाने वाले और छोटे बच्चे बेखौफ बाहर निकल सकें।
प्रतिनिधि मंडल में रवि वर्मा, अनुराग पटेल, सहित तमाम क्षेत्रीय नेता भी उपस्थित रहे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल, नेत्री उषा वर्मा ने भी पीड़ित परिवार को सांत्वना दीं।





