गौरीफंटा पुलिस गाड़ी की टक्कर से गुरुवार को पीआरडी जवान की मौत हो गई थी। शनिवार को कारवाई न होने से गुस्साए परिवार के लोगों ने गौरीफंटा जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया।

लखीमपुर खीरी (theuptopvoice)। भारत नेपाल सीमा पर स्थित गौरीफंटा थाना की गाड़ी की टक्कर से सम्पूरणानगर मिल ड्यूटी पर जा रहा पीआरडी जवान घायल हो गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शनिवार को शव गांव पहुंचा, तो गांव वालों ने अंतिम संस्कार रोक कर जाम लगा दिया. पुलिस ने जब मुक़दमा दर्ज किया तब जाम खुल सका।

गुरुवार को भारत नेपाल सीमा पर बसे सेड़ा-बेड़ा गांव निवासी राममूर्ति राना का 35 वर्षीय पुत्र पीआडी जवान रामप्रकाश राना सुबह सात बजे संपूर्णानगर चीनी मिल में ड्यूटी करने जा रहा था। इस बीच सरियापारा गांव के सामने चंदनचौकी रोड पर गौरीफंटा पुलिस की बोलेरो गाड़ी और पीआरडी जवान की बाइक में टक्कर हो गई। इसमें रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई थी।
पीआरडी जवान राममूर्ति का शव गांव पहुंचने पर ग्रामीण गुस्से में आ गए। उन्होंने पुलिस पर मुकदमा न दर्ज किया जाने का आरोप लगाकर गौरीफंटा रोड जाम कर दिया। शनिवार को परिजनों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए सेड़ा-बेड़ा गांव के सामने ही गौरीफंटा रोड पर जाम लगा दिया। भारी संख्या में ग्रामीणों ने शव को रोड पर ही रख दिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने अज्ञात के नाम से रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि ग्रामीण चालक पर नामजद रिपोर्ट लिखे जाने की मांग कर रहे थे। क्षेत्राधिकारीआदित्य कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
कोतवाली के चालक विपिन कुमार पर मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान करीब तीन घंटे तक जाम लगी रही और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।





