लंबे अरसे बाद आई पुलिस भर्ती में आयु में छूट न होने से तैयारी में लगे युवा सरकार पर आरोप लगाते हुए भर्ती में उम्र में छूट देने की मांग कर रहे थे, सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर युवाओं की मांग को मानने की घोषणा की है.

टीम डिजिटल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव गृह को इस बार होने वाली पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों की आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दिये जाने के निर्देश दिए हैं. यह छूट सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मिलेगी. बीते कुछ दिनों से विपक्षी पार्टियों के साथ-साथ किसान नेता और बीजेपी के नेता भी आयु सीमा में छूट देने की मांग कर रहे थे. अब सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव गृह को आयु सीमा में छूट देने के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैसले की जानकारी देते हुए लिखा, ‘युवाओं के हितों एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आपकी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसी क्रम में यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हेतु जारी प्रक्रिया में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए उच्चतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का निर्णय लिया गया है.’
लगातार सवर्ण वर्ग के युवा भर्ती की आयु निकल जाने के तमाम लोगों के उदाहरण डाल कर सरकार से मांग कर रहे थे कि आयु सीमा में छूट दी जाए, वहीं कई भाजपा नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था.





