
लखीमपुर खीरी ।। जिले में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते तीन जाने चलीं गईं। हैदराबाद थाना इलाके में एचटी लाइन के टूटे तार की चपेट में आकर एक बाइक पर सवार 5 लोगों में से तीन झुलस कर जिंदा जल गए, बाकी दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लिया. वहीं सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है, घायलों को यथासंभव इलाज और मृतकों के परिवार को बिजली महकमे की तरफ से 5 – 5 लाख मदद देने के निर्देश दिए हैं।

घटना हैदराबाद थाना इलाके के हेमपुर नहर मार्ग की है. एक बाइक पर पांच लोग सवार थे. जो की नीमगांव से पीलीभीत जिले जा रहे थे, बाइक पर 2 बच्चे भी थे. नहर मार्ग पर टूटे तार की चपेट में आने से बाइक में आग लग गई. इसमें झुलसकर बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया.
पीलीभीत जिले के रहने वाले बबलू पुत्र अमरीक की 2 जुलाई को शादी होनी थी. शादी के लिए वह अपनी 55 साल की मां बिंदिया के साथ बहन मंजू, भांजे अनमोल(4) और भांजी छह वर्षीय खुशी को विदा कराने के लिए गया था. नीमगांव से विदा कराकर वापस पीलीभीत जा रहे थे. पांचों एक ही बाइक पर थे. नहर पटरी रोड से होते हुए निकले, तभी रास्ते में टूटे तार की चपेट में आने से बाइक लुढ़क कर तार में उलझ गई, जिससे बाइक में आग लगने से सभी झुलसने लगे . दोपहर का वक्त होने के चलते वहां कोई था नहीं. पांचों लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे में बबलू, मंजू और चार साल के अनमोल की मौत हो गई. वहीं बिंदिया और नातिन खुशी झुलसी हैं, जिन्हें जिला अस्पताल मोतीपुर भेजा गया है. एसडीएम गोला रत्नाकर मिश्र ने बताया सब एक ही बाइक पर सवार थे. वापस पीलीभीत जा रहे थे. बहन को विदा कराकर ले जा रहे थे. पर हादसे का शिकार हो गए. घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है.
मौके पर जिलाधिकारी खीरी महेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने बिजली महकमे के अफसरों को तलब कर रिपोर्ट मांगी है.
घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है. साथ ही स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. घायलों को तत्काल बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा है. स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराएं. साथ ही बिजली विभाग की तरफ से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं.
वहीं अजय कुमार शुक्ल सदस्य पूर्व अध्यक्ष बार कौंसिल उत्तर प्रदेश ने हादसे में मौतों के जिम्मेदार बिजली अधिकारियों को ठहराया है. जिम्मेदार अधिकारियों के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हे तत्काल गिरफ्तार कर बर्खास्त करने की मांग की है।





