
लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना इलाके में बाइक सवार अपराधियों ने दिन दहाड़े पति के साथ बाइक पर जा रही महिला के कुंडल नोच लिया. जब आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर युवकों का पीछा किया तो उन्होंने तमंचा दिखाकर जंगल के रास्ते पर फरार हो गए. बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. एडिशनल एसपी ने मौका मुआयना किया है।
लखीमपुर खीरी (theuptopvoice)। बिजुआ क्षेत्र में दिन दहाड़े एक महिला के साथ कुण्डल छिनैती का मामला सामने आया है। बाईक सवार उचक्कों का ग्रामीणों ने पीछा भी किया लेकिन उचक्के मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना की सूचना के बाद एडिशनल एसपी ने मौका मुआयना करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।


रविवार की दोपहर बिजुआ चौकी क्षेत्र की गोन्धिया निवासी जलपत्री पत्नी अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल करसौर जा रही थी कि पड़रिया तुला कस्बे से पहले और गोन्धिया गांव के बाहर पीछे से आ रहे दो उचक्कों ने महिला के कान से सोने के कुण्डल नोचते हुए पीछे मुड़ते हुए मौके से भागने लगे। घटना के बाद महिला चिल्लाने लगी। सूचना पर ग्रामीणों ने उचक्कों का पीछा किया लेकिन उचक्कों ने पीछा कर रहे लोगों पर तमंचा तान दिया और रायपुर से सटे जंगल का फायदा उठाते हुए भागने में कामयाब हो गए। पीछा कर रहे ग्रामीण ने बताया उचक्के लाल कलर की सुपर मोटरसाइकिल से सवार थे और चौखड़िया,पिपरिया धनी के रास्ते जंगल की तरफ भाग गए। घटना की सूचना के बाद देर शाम एडिशनल एसपी नेपाल सिंह ने,इंस्पेक्टर भीरा इंद्रजीत सिंह व बिजुआ चौकी इंचार्ज चेतन तोमर के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना करते हुए पीड़ित महिला जलपत्री का बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई घटना से लोग दहशत में हैं।





