मन और शरीर को ऊर्जा देती है हैप्पीनेस प्रोग्राम

आर्ट ऑफ़ लिविंग परिवार के तहत लगे शिविर में विशेष प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया, और श्वास तकनीक से मन और शरीर को ऊर्जा मिलती है.

लखीमपुर खीरी (theuptopvoice)। आर्ट ऑफ़ लिविंग परिवार के तत्वाधान में एक हैप्पीनेस प्रोग्राम का आयोजन दिनांक 25 से 29 सितंबर 2024 के मध्य लखीमपुर नगर में बाजपेई कॉलोनी में किया गया।
उपरोक्त कार्यक्रम में आर्ट ऑफ़ लिविंग की शिक्षिका श्रीमती नीति अग्रवाल जी के कुशल निर्देशन में शिविर में आए हुए लोगों को महत्वपूर्ण सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया गया।

शिक्षिका नीति अग्रवाल जी ने बताया कि इस शिविर में विशेष प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया और अन्य श्वास तकनीके जो मन और शरीर को ऊर्जा व आराम देती हैं तथा दैनिक जीवन शैली में होने वाले तनाव और बेचैनी को कम करती है, का प्रशिक्षण दिया गया।

शिक्षिका नीति अग्रवाल ने कहा कि योग व सुदर्शन क्रिया द्वारा कोई भी मनुष्य जीवन शैली में बदलाव लाकर स्वाभाविक रूप से प्रसन्नता के साथ आनंदपूर्वक जीवन यापन कर सकता है। उन्होंने प्राणायाम व सुदर्शन क्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह न्यूरो साइंटिफिक तकनीक से नर्वस सिस्टम को सक्रिय करती है जिससे मनुष्य को चिंता दूर करने और मन को शांत करने में मदद मिलती है साथ ही बुद्धि को संतुलित करके जीवन को शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।

इस शिविर में रितेश भसीन, पूजा अग्रवाल, श्वेता गुप्ता, शिखा सोनी, अर्चना अग्रवाल, पल्लवी गुप्ता, इंदु गुप्ता इत्यादि ने सक्रिय सहभागिता की और सुदर्शन क्रिया का लाभ लिया।

Leave a Comment