
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। एक सिरफिरे युवक ने स्कूल परिसर में घुसकर एक महिला शिक्षिका की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बच्चों के सामने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे की है। स्कूल की दूसरी मंजिल पर शिक्षिका निशात फातिमा (26 वर्ष) अपनी क्लास में बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान सऊद अंसारी (28 वर्ष) नाम का युवक हथियार लेकर सीधे स्कूल की दूसरी मंजिल पर जा पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सऊद ने क्लासरूम में घुसकर फातिमा का हाथ पकड़ा और उन्हें जबरन बाहर बरामदे में ले आया। दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस और कहासुनी हुई।
चीख-पुकार और दहशत का माहौल विवाद इतना बढ़ा कि सऊद ने अचानक अपना असलहा निकाला और शिक्षिका फातिमा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से फातिमा लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज़ सुनते ही स्कूल में दहशत फैल गई और बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे।
जब तक स्कूल का बाकी स्टाफ भागकर मौके पर पहुँचता, सऊद ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। इस दर्दनाक घटना में शिक्षिका और हमलावर, दोनों की ही जान चली गई। दिनदहाड़े और वह भी कलेक्ट्रेट के ठीक सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।






