
26-27 सितंबर को बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी, 32 जिलों में फ्लैश फ्लड की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
रेड अलर्ट वाले जिलों में श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं। इन जिलों में भारी बारिश के साथ जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
26 सितंबर को 32 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट
26 सितंबर को प्रदेश के 32 जिलों में आकस्मिक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की संभावना जताई गई है। इनमें आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत कई जिले शामिल हैं।
फ्लैश फ्लड अलर्ट में लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर भी शामिल हैं। ऐसे में निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन की ओर से लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने, जलभराव वाले रास्तों से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान नदी, नाले और जलाशयों के आसपास जाने से बचना बेहद जरूरी है।
खासकर रेड अलर्ट वाले जिलों में लोगों को मौसम बिगड़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।





