क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे किसान,
6 दिसंबर से करेंगे भूख हड़ताल की शुरुआत



० 28 नवम्बर से चल रहा है किसानों का धरना।
०अभी तक भुगतान का नहीं निकला कोई हल।
० 29 नवम्बर से होनी थी बजाज चीनी मिल शुरुआत।
० भुगतान बिना कुछ भी सुनने को तैयार नहीं किसान।
- (The यूपी top voice) लखीमपुर/पलियाकलां। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर रविवार को किसानों ने शांतिपूर्ण ढंग से नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ वापस चीनी मिल में जाकर समाप्त हुआ। छह दिसंबर से चीनी मिल में ही क्रमिक भूख हड़ताल की चेतावनी भी किसानों ने दी है। जिसको लेकर एक ज्ञापन भी एसडीएम को दिया गया है।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर पिछले रविवार को गन्ना समिति में ताला जड़ने के बाद किसानों ने मिल में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरने के आठवें दिन किसानों ने शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च निकाला। जो भीरा रोड, बाईपास रोड, संपूर्णानगर रोड होते हुए स्टेशन रोड, भीरा रोड होकर मिल में जाकर समाप्त हुआ। पैदल मार्च के दौरान सभी दुकानदारों, राहगीरों व अन्य लोगों से किसानों ने उनके समर्थन में खड़े होने की अपील की ताकि गन्ना भुगतान मिलने से व्यापार को भी गति मिल सके। किसान नेता सरदार वीएम सिंह ने भी किसानों को फेसबुक लाइव के जरिए संबोधित किया। जिसमें उन्होंने मिल को चेताया कि जितने दिन किसान धरने पर टिक गया उतने दिन ही मिल के लोगों को परेशानियां होने वाली हैं। किसान अपने हक का पैसा मांग रहा है जिसको वह चीनी मिल से लेकर रहेगा। धरने पर बैठे किसानों ने छह दिसंबर को क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी भी दी है। इस दौरान भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।





