- प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के युवा नेता और मेरठ से विधायक टिकट के दावेदार अमित जानी ने कम्बल वितरण का कार्यक्रम रखा था, कम्बल वितरण में देरी और पहले पाने की होड़ में ऐसी भगदड़ मच गई, कि आयोजक को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने चली गई.

(The_UpTopVoice) टीम डिजिटल- मेरठ/लखनऊ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता अमित जानी ने सोमवार को जानी में जनसभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में शिवपाल यादव को भी पहुंचना था, लेकिन वो नही आ सके। देरी होते देखकर जनसभा में लोगों को कम्बल बांटने के कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। इस दौरान भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठी फटकार कर हालात को काबू किया। पुलिस ने प्रसपा नेता को हिरासत में ले लिया है।

जनसभा में प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के आने के भी दावे किए गए थे। मंच पर होर्डिंग में शिवपाल के साथ अमित जानी का भी फोटो लगा था। कम्बल बंटने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ कम्बलों के ढेर की ओर बढ़ने लगी। लोगों को रोकने के लिए इंतजाम नाकाफी साबित हुए और लोगों में कम्बल लेने की होड़ मच गई। इस अफरातफरी में लोग कम्बल लेकर भागने लगे। इस भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। एक घायल महिला ढडरा निवासी खातून को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकार कर लोगों को काबू करने की कोशिश की। इससे मेरठ-बागपत रोड पर भी जाम लग गया। जानी इंस्पेक्टर संजय वर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और प्रसपा नेता को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
– कौन है अमित जानी,क्यो आये थे चर्चा में
अमित जानी शिवपाल यादव के करीबी बताए जाते हैं और लंबे समय से उनके नेतृत्व में सपा से जुड़े रहे थे। अपने विवादित बयानों के चले जानी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। इतना ही नहीं, सपा से बाहर होने के बाद उन्होंने निवनिर्माण सेना का गठन किया। 2019 में वह लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। वहीं अब वह प्रसपा से जुड़ गए हैं और उन्हें युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी थी। इस समय वो 2022 का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं, उन्होंने ऐलान किया है कि पार्टी चुनाव नही लड़ाती है तो भी वो निर्दलीय लड़ेंगे।।





