डायलिसिस यूनिट शुरू होने से सस्ता होगा इलाज- अजय कुमार मिश्र केंद्रीय गृह राज्यमंत्री।
–अब लखीमपुर के अस्पताल में एक रुपए में होगी डायलिसिस

लखीमपुर खीरी (THE_UP_TOP_VOICE)। अब लखीमपुर खीरी जिले में ही किडनी के मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलने लगेगी । जिले के सांसद और केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी और सदर विधायक योगेश वर्मा ने जिले की पहली पीपीपी मॉडल डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया।
अभी तक मरीजों को डायलिसिस के लिए लखनऊ की लगानी पड़ती थी दौड़

-लखीमपुर यूनिट के शुरू हो जाने से किडनी के तमाम मरीजों को अब लखनऊ या आसपास के जिलों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इस दौरान सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, सीएमएस जिला चिकित्सालय डॉ. मदन लाल सहित डॉ. एस के मिश्रा, डॉ. वीके वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनीत मनार, ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, सांसद प्रतिनिधि अम्बरीश सिंह, पुष्पा सिंह व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

मन्त्री बोले- बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तत्पर है सरकार
– बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। 2016 में इसे लेकर सदन में उनके द्वारा प्रश्न किया गया था जिसके बाद इस पर तेजी से काम शुरू हो गया। ओयल में मातृ एवं शिशु अस्पताल बनकर तैयार है। वहीं मेडिकल कॉलेज पर तेजी से काम चल रहा है, आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि अभी तक डायलिसिस के लिए लोगों को प्राइवेट अस्पताल या फिर लखनऊ के चक्कर लगाने पड़ रहे थे और इसमें उनका काफी पैसा खर्च होता था लेकिन अब इस यूनिट के शुरू होने से पैसा और समय दोनों की बचत होने वाली है।
सीएमओ ने बताया, 2019 में मिली थी स्वीकृति, 4 जनवरी को मिली बिल्डिंग,
सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने कहा कि पीपीपी मॉडल पर बनी इस डायलिसिस यूनिट को मार्च 2019 में स्वीकृति मिली थी और 4 जनवरी 2022 को इसे सीएमएस जिला चिकित्सालय को हैंड ओवर कर दिया गया था। इसे बनाने में 57 लाख 42 हजार की लागत आई है जो मशीनें इसमें लगी है वे सभी जर्मनी मॉडल की हैं एक साथ छह लोगों की डायलिसिस की सुविधा है। अभी डीसीडीसी किडनी सेंटर 5 लोगों का स्टाफ तैनात किया गया है जिसमें रीजनल मैनेजर जुबेर, मैनेजर ओम शर्मा, सीनियर टेक्नीशियन हरेंद्र, जूनियर टेक्नीशियन धर्मेंद्र गुप्ता सहित अन्य स्टाफ शामिल है।





